देहरादून : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में मुख्य अथिति के तौर पर शामिल हुए। राष्ट्रपति कोविंद ने यहां उत्तीर्ण हुए कैडेट से कहा कि वे कड़ी मेहनत के कारण आदर्श बने देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत जैसे बेहतरीन पूर्व छात्रों के कारण भारतीय सैन्य अकादमी को मिले प्रतिष्ठित दर्जे को बनाये रखने में अपना योगदान दें। और उनके आदर्शो का अपने जीवन में अनुसरण करें। साथ ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जनरल बिपिन रावत को याद करते हुए कहा कि वह एक असाधारण सैन्य नेतृत्व वाले अधिकारी थे , उनके निधन के बाद पैदा हुए खालीपन को कभी भी भरा नहीं जा सकता है।
राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि देश बिपिन रावत के आकस्मिक निधन से सदमे में है । उन्होंने कहा कि यदि रावत आज ‘‘हमारे साथ बीच होते, तो वह आज इस पासिंग आउट परेड से उत्तीर्ण हो रहे केडेट्स को गर्व के साथ देख रहे होते। जनरल बिपिन रावत भी आईएमए से पास आउट हुए थे और उन्हें स्वॉर्ड ऑफ़ ऑनर भी मिला था। जनरल बिपिन रावत भी आज आईएमए की इस पासिंग आउट परेड में सम्मिलित होने वाले थे। और उनके निधन के बाद इस कार्यक्रम को साधारण तरीके से मनाया गया। बता दें कि बुधवार को सेना के एमआई17वी5 हेलीकॉप्टर के अचानक दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सेना के अधिकारियों की मौत हो गई थी। पासिंग आउट परेड में उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह भी सम्मिलित हुए थे।

