विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बीते दिन सोमवार की दोपहर फिल्म अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंची जहां पुजारी पंडित रमण त्रिवेदी ने उन्हें गर्भगृह में ले जाकर बाबा की पूजा अर्चना करवाई। पुजारी पंडित ने बताया कि फिल्म अभिनेता गोविंदा और उनका परिवार बाबा महाकाल के भक्त हैं। मंदिर में समय-समय पर यह लोग दर्शन के लिए आते हैं। सुनीता आहूजा द्वारा बाबा महाकाल के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया लेकिन दर्शन के दौरान एक बड़ी गलती उस समय सामने आई जब सुनीता आहूजा अपने साथ बड़ा सा बैग लेकर गर्भगृह में भगवान की पूजा अर्चना करते नजर आईं। इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गयीं हैं।
जबकि मंदिर के अंदर झोला और पॉलिथीन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। वहीँ सुनीता ने बैग को साथ लेकर बाबा महाकाल का पूजन अर्चन और जलाभिषेक भी किया। जबकि अन्य श्रद्धालुओं का प्रसाद भी गर्भगृह तक नहीं जाता। मंदिर प्रशासक संदीप सोनी ने कहा कि यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। मैंने इसके फोटो वीडियो निकलवा लिए हैं। मैं इस मामले को देखता हूँ क्या होगा।

