काठमांडू : बेहद दुखद हादसे की खबर आ रही है जहां नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर काठमांडू से उड़ान भर आ रहा 72 सीटों वाला यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस हादसे में अब तक 32 लोगों की जान गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और कई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा घटनास्थल पर रेस्क्यू किया जा रहा है। फिलहाल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। हादसे की वजह कुछ पता नहीं चल सकी है हालांकि कोई एविएशन एक्सपर्ट भी अभी कुछ कहने से बच रहे हैं। उनका मानना है कि इस हादसे की पूरी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
हादसे की जानकारी देते हुए यति एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने कहा है कि यति एयरलाइंस के विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। इसमें दो बच्चों समेत 15 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। विमान पुराने हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इसमें 5 भारतीय यात्री भी थे।
आज रविवार सुबह सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से इस विमान ने उड़ान भरी थी। पोखरा इस हिमालयी देश में एक मशहूर पर्यटक स्थल है। हवाईअड्डा प्राधिकरण के मुताबिक, विमान में 53 नेपाली, पांच भारतीय, चार रूसी, दो कोरियाई, एक-एक आयरिश, अर्जेंटीना और फ्रांसीसी नागरिक सवार थे।

