कोर्ट से एकता कपूर को बड़ी राहत,नहीं होगी गिरफ़्तारी

पटना : टीवी सीरियल प्रोड्यूसर एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर को पटना हाईकोर्ट ने बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने बेगुसराय कोर्ट में दायर मामले पर सुनवाई करते हुए निचली अदालत के कार्रवाई को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही, शिकायतकर्ता को नोटिस भी जारी किया है। पटना हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई जस्टिस सत्यव्रत वर्मा ने की। वेब सीरीज को लेकर नाराज शंभु कुमार ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। दरअसल, इस विवादित वेब सीरीज में दिखाया गया था कि एक महिला जिसका पति सेना में था, उनके दोस्त को सेना की वर्दी पहना कर शारीरिक संबंध बनाती है। बेगूसराय की अदालत में इसे सेना का अपमान मानते हुए एक मुकदमा पिछले साल यानी 2021 में ही दर्ज कराया गया था। बता दें कि पिछले कुछ दिनों पहले ही उच्चतम न्यायालय ने एकता कपूर को उनकी वेब सीरीज़ में अश्लीलता परोसने पर कहा था कि ओटीटी प्लेटफॉर्म सभी के लिए है , इसलिए उसपर क्या दिखा रहे है इसका ध्यान रखना चाहिए और कोर्ट ने यह भी दलील दी थी कि ओटीटी प्लेटफार्म पर दिखाये जाने वाले कंटेंट कहीं ना कहीं हमारे समाज को दूषित करने के लिए ज़िम्मेदार है।