देहरादून : आज पूरे देश के राज्यों में पीएम मोदी का जन्मदिवस बड़े ही धूम धाम से मनाया जा रहा है इसी कड़ी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में शहीद परिवारों के घर के बाहर स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। पीएम मोदी के जन्मदिवस को इस बार सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया गया है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार सुबह सबसे पहले शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट और फिर नेशविला रोड पर शहीद मेजर विभूति ढौंडियाल के घर भी पहुंचे जहां मुख्यमंत्री ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। इसके बाद शहीदों के घर के बाहर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। सीएम धामी ने इस दौरान दोनों शहीदों के परिजनों को सम्मान भी दिया। उन्होंने कहा कि देश के वीर सपूतों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। देवभूमि उत्तराखंड के इन लालों को मैं नमन करता हूं। उन्होंने दोनों शहीदों के परिजनों का हाल चाल लेकर उन्हें सांत्वना दी। आज पखवाड़ा में रक्तदान, संगोष्ठियां एवं सेवा के अन्य कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

