हरिद्वार : आज धर्मनगरी हरिद्वार में पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिन को जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाया गया जिसमें पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय शिक्षा बोर्ड का गठन किया जो एक ऐतिहासिक कार्य है। अब भारत में बच्चों का मानस भारतीयता के अनुरूप बनाया जाएगा।
आज गुरुवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यकर्म में मौजूद रहे। इसके अलावा आयोजन में आज कई कैबिनेट मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहे। पतंजलि विवि के सभागार में आचार्य बालकृष्ण के जन्मोत्सव में चल रहे पारंपरिक भारतीय चिकित्सा आधुनिकीकरण, लोक स्वास्थ्य एवं औद्योगिक परिप्रेक्ष्य विषय पर चल रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के तीसरे दिन योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि आयुर्वेद सबसे प्राचीन विज्ञान है।
बाबा रामदेव नें आयुर्वेद को रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने और शुद्धिकरण के लिए सर्वाधिक उपयोगी बताया। एम्स भोपाल के अध्यक्ष प्रो. वाईके गुप्ता ने कहा कि पतंजलि में चल रहे अनुसंधान पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करेंगे। इसके अलावा एम्स दिल्ली के प्रो. केके दीपक ने योग व ध्यान का मस्तिष्किीय तरंगों पर पड़ने वाले प्रभावों को साझा किया।

