रुड़की : उत्तराखंड के रुड़की से हैवानियत की पराकाष्ठा दर्शाती घटना सामने आई है जिसके चलते जिले में एक मां-बेटी से सामूहिक दुष्कर्म हुआ लेकिन इसे हुए अभी पूरे 48 घंटे बीत चुके हैं और पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। सिर्फ इतना पता चला है कि कार में चार युवक सवार थे जिन पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। इस मामले में लोकेशन मिलने के बाद दी गई दबिश में नामजद आरोपी सोनू अभी फरार है। पुलिस अब उस पर इनाम घोषित करने की तैयारी में है। बीते शुक्रवार देर रात कलियर क्षेत्र में कार सवार लोगों ने एक महिला और उसकी छह साल की मासूम बेटी से सामूहिक दुष्कर्म किया और दोनों को गंगनहर किनारे फेंककर फरार हो निकले। किसी तरह दोनों कोतवाली पहुंची और रुड़की निवासी सोनू समेत तीन-चार अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। बच्ची को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया। रात में ही चिकित्सकों ने एक सर्जरी की। दूसरी सर्जरी अगले दिन की गई। बच्ची की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को महिला के बयान लिए और कार्रवाई शुरू की लेकिन अभी तक कुछ भी हाथ नहीं लगा है। घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए रात 11 से एक बजे तक गंगनहर पटरी से गुजरे सभी वाहनों को ट्रेस किया जा रहा है। सक्रिय मोबाइल नंबरों की डिटेल भी खंगाली जा रही है। वहीं कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। साथ ही चार टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
रुड़की में हैवानियत की हद पार,6 साल बच्ची और माँ से दुष्कर्म

