उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य कोरोना संक्रमित हो गई हैं। उन्होंने अपने ट्विटर पर उक्त जानकारी साझा की है। राज्यपाल ने लिखा है कि उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आए लोगों से खुद को आइसोलेट कर जांच कराने की अपील भी की है। आपको बता दें कि 1 दिन पूर्व ही बेबी रानी मौर्य ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के साथ हुई उनकी मुलाकात की एक फोटो भी ट्विटर पर साझा की थी।
विदित हो कि राज्य में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। आज भी उत्तराखंड में 466 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया है, वहीं 9 मरीज़ों की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

