उत्तरकाशी : गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट पर आज शनिवार एक अप्रैल को ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए हैं। पार्क के गेट खुलने के बाद यहां पर्वतारोहण और पर्यटन गतिविधियां भी तेज होने के की उम्मीद है। गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट प्रत्येक वर्ष शीतकाल में 30 नवंबर को बंद कर दिए जाते हैं, जिसके बाद ग्रीष्मकाल में एक अप्रैल को खुलते हैं।
पहले दिन यहां नेलांग घाटी के भ्रमण के लिए चार पर्यटक पहुंचे। गंगोत्री हिमालय में 40 से अधिक पर्वत चोटियां हैं। इसके अलावा पार्क क्षेत्र में स्थित गोमुख तपोवन ट्रैक, केदारताल, सुंदरवन, नंदनवन, वासुकीताल, जनकताल ट्रैक के साथ गरतांग गली भी आकर्षित करते हैं। पार्क के उपनिदेशक आरएन पांडेय ने बताया कि कोरोना महामारी के बाद पिछले दो सालों में यहां देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है।

