देहरादून : आज खबर आई है कि हरिद्वार पंचायत चुनाव के लिए भाजपा अपने जल्द ही जिला पंचायत प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है।प्रत्याशियों का पैनल तैयार करने के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति भी रिपोर्ट आज प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को सौंप सकती है। इसके बाद चर्चा कर पार्टी प्रत्याशियों के नाम का एलान किया जाएगा। 26 सितंबर को हरिद्वार पंचायत चुनाव होंगे। निर्वाचन आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। भाजपा के लिए हरिद्वार पंचायत चुनाव किसी चुनौती से कम नहीं है। विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले से भाजपा को झटका लगा था। यहां से भाजपा की सीटें कम हुई थीं। हरिद्वार में स्थिति सुधारने के लिए भाजपा पंचायत चुनाव के लिए रणनीति तैयार हो रही है।
जिला पंचायत प्रत्याशियों का पैनल तैयार करने के लिए प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार की अगुवाई में पार्टी ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति ने हरिद्वार जिले का भ्रमण कर प्रत्याशियों को लेकर फीडबैक लिया। सोमवार को समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को सौंप सकती है। इसके अलावा इसपर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि समिति की रिपोर्ट के बाद पैनल पर चर्चा कर हरिद्वार पंचायत चुनाव में जिला पंचायत प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। केंद्रीय संगठन से राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की मौजदूगी में होने वाली बैठक में पैनल से प्रत्याशियों के नाम तय होंगे।

